महाराष्ट्र

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हिदायत पटेल की मस्जिद के बाहर बेरहमी से हत्या, अजित पवार गुट के जिलाध्यक्ष समेत पांच पर केस दर्ज, राजनीतिक साजिश का आरोप

अकोला (काविश-ए-जमील न्यूज़): महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश उपाध्यक्ष हिदायत पटेल पर हुए जानलेवा हमले के बाद इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। मंगलवार (6 जनवरी) को अकोला जिले के अकोट तालुका स्थित मोहाला गांव में ज़ुहर की नमाज़ के बाद मस्जिद से बाहर निकलते समय उन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस घटना से अकोला की राजनीति में जबरदस्त हलचल मच गई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हमलावर उबेद पटेल ने निजी और पारिवारिक विवाद के चलते हिदायत पटेल पर हमला किया, लेकिन अब इस मामले में राजनीतिक साजिश के आरोप भी सामने आ रहे हैं। मृतक के परिजनों की शिकायत पर अकोट ग्रामीण पुलिस स्टेशन में पांच लोगों के खिलाफ हत्या की साजिश और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। अब हिदायत पटेल के निधन के बाद इसमें हत्या (IPC 302) की धारा जोड़े जाने की संभावना है।

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद हमलावर उबेद पटेल फरार हो गया था, जिसे बाद में अकोट तालुका के पंज गांव के लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। इस मामले में बड़े राजनीतिक नाम सामने आने के बाद जिलेभर में सनसनी फैल गई है और राजनीतिक हलकों में तीखी प्रतिक्रिया देखी जा रही है।

घटना के अनुसार, हिदायत पटेल मोहाला गांव की मस्जिद में नमाज़ अदा करने के बाद जैसे ही बाहर निकले, उबेद पटेल ने अचानक उन पर हमला कर दिया। उनके पेट और गर्दन पर चाकू से वार किए गए, जिससे वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए थे। डॉक्टरों ने शुरू से ही उनकी हालत नाज़ुक बताई थी और अंततः बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया।

कौन थे हिदायत पटेल?

  • महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस के वर्तमान उपाध्यक्ष

  • अकोला जिले में कांग्रेस का बड़ा मुस्लिम चेहरा

  • 2014 और 2019 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार

  • 2014 में दूसरे स्थान पर, 2019 में तीसरे स्थान पर रहे

  • जिले के बड़े सहकार नेता, पिछले 25 वर्षों से जिला बैंक के निदेशक

  • वर्तमान में अकोट तालुका सहकारी खरीद-बिक्री संघ के अध्यक्ष

  • पिछले 35 वर्षों से जिले की महत्वपूर्ण अकोट बाजार समिति से जुड़े, पूर्व सभापति और वर्तमान संचालक

हिदायत पटेल की हत्या के बाद अकोला जिले की राजनीति में भूचाल आ गया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस जांच में और किन नामों का खुलासा होता है और कितने लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!