अकोट: राजनीतिक शर्मिंदगी – बीजेपी-एआईएमआईएम गठबंधन कुछ ही घंटों में टूटा; स्थानीय नेताओं पर कार्रवाई की तलवार

अकोला (काविश-ए-जमील न्यूज़) : राजनीति में कब क्या मोड़ आ जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल होता है। हाल ही में संपन्न नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भारतीय जनता पार्टी को अप्रत्याशित सफलता मिली है। कई स्थानों पर बीजेपी के उम्मीदवार नगराध्यक्ष (अध्यक्ष) चुने गए हैं।
इसी क्रम में अकोट नगर परिषद में सत्ता स्थापित करने के लिए बीजेपी के स्थानीय नेताओं ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के साथ गठबंधन करने का निर्णय लिया था। हालांकि इस फैसले पर शिवसेना (ठाकरे गुट) सहित अन्य विपक्षी दलों ने बीजेपी की तीखी आलोचना की। चारों ओर से हो रहे हमलों के बाद मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अकोट के बीजेपी स्थानीय नेताओं को कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
उधर इस पूरे मामले पर AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सांसद सैयद इम्तियाज जलील ने भी खुलकर विरोध जताया था। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि AIMIM किसी भी हालत में बीजेपी के साथ नहीं जा सकती।
मुख्यमंत्री की चेतावनी के बाद बीजेपी ने AIMIM के साथ गठबंधन तोड़ने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। साथ ही पार्टी सूत्रों के अनुसार, नगर परिषद में AIMIM के साथ गठबंधन करने का फैसला लेने वाले जिम्मेदार पदाधिकारियों को बीजेपी की ओर से नोटिस जारी किए जाएंगे।
इस पूरे घटनाक्रम के चलते अकोट के बीजेपी विधायक प्रकाश भारसाकले, शहर अध्यक्ष, चुनाव प्रभारी, समूह नेता सहित अन्य प्रमुख पदाधिकारियों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है।



