राज्य सरकार का अहम कदम: मुंबई में 8 सितंबर को मनाया जाएगा ईद-ए-मिलाद का जश्न, सरकारी दफ्तर और स्कूल रहेंगे बंद

मुंबई: (काविशे जमील न्यूज़ ) :महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई और उपनगर के लिए ईद-ए-मिलाद की छुट्टी में बड़ा बदलाव किया है। पहले यह छुट्टी 5 सितंबर को घोषित की गई थी, लेकिन अनंत चतुर्दशी और गणेश विसर्जन के विशाल जुलूसों को देखते हुए इसे आगे बढ़ा दिया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने परिपत्र जारी कर स्पष्ट किया है कि अब मुंबई शहर और उपनगरों में सोमवार, 8 सितंबर को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन पैगंबर हज़रत मोहम्मद साहब ﷺ के जन्मदिन पर निकलने वाला जुलूस निकाला जाएगा। वहीं, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में 5 सितंबर को ही ईद-ए-मिलाद की छुट्टी रहेगी।
हिंदू-मुस्लिम एकता को बनाए रखने के उद्देश्य से ऑल इंडिया खिलाफत कमेटी और अन्य मुस्लिम संगठनों ने बैठक कर यह सुझाव दिया था। इसके बाद समाजवादी पार्टी के भिवंडी पूर्व के विधायक रईस शेख ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से 8 सितंबर को अवकाश की मांग की थी। सरकार ने इस पर सकारात्मक कदम उठाते हुए छुट्टी की तारीख बदलने का निर्णय लिया।
इस बदलाव के तहत 5 सितंबर को मुंबई के सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल और कॉलेज नियमित रूप से खुले रहेंगे। जबकि 8 सितंबर को शहर भर में धार्मिक और सांप्रदायिक सौहार्द के माहौल में ईद-ए-मिलाद का त्योहार मनाया जाएगा।
यह निर्णय न केवल प्रशासनिक सुविधा बल्कि भाईचारे और साम्प्रदायिक सद्भाव की भी मिसाल माना जा रहा है।



